लाइफस्टाइल डेस्क, नई दिल्ली। मध्य प्रदेश की विंध्य पर्वत शृंखला में करीब 700 मीटर ऊंची पहाड़ी पर बसा गिन्नौरगढ़ का किला भारत की समृद्ध ऐतिहासिक विरासत है। यह गोंड राजाओं की सांस्कृतिक धरोहर का भी प्रतीक है।
जब-जब भोपाल रियासत और रानी कमलापति का जिक्र किया जाएगा, तब-तब गिन्नौरगढ़ किला उसका साक्षी रहेगा। आइए आपको इस ऐतिहासिक किले की अनूठी दास्तान सुनाते हैं।
गोंड राजाओं का गढ़ गिन्नौरगढ़ किला
गिन्नौरगढ़ किला मध्य प्रदेश के रायसेन जिले में रातापानी टाइगर रिजर्व के घने सागौन के जंगलों के बीच स्थित है। इसकी राजधानी भोपाल से दूरी करीब 60-65 किलोमीटर है। इसका निर्माण 15वीं शताब्दी में गोंड शासक ने कराया था, पर यहां परमार शासनकाल के भी अवशेष पाए गए हैं।

