एंटरटेनमेंट डेस्क, नई दिल्ली। हिंदी सिनेमा के सुपरस्टार शाह रुख खान का नाम लंबे समय से आने वाली फिल्म किंग को लेकर चर्चा में बना हुआ है। पठान जैसी धांसू फिल्म बनाने वाले निर्देशक सिद्धार्थ आनंद के डायरेक्शन में बनने वाली किंग की शूटिंग को लेकर बीते दिनों लगातार अपडेट्स सामने आ रहे हैं।
इस बीच एक बार फिर से किंग फिल्म के शूंटिग शेड्यूल को लेकर जरूरी जानकारी सामने आ रही है, जिसके बारे में जानकर किंग खान के फैंस के चेहरे पर मुस्कान आ जाएगी। आइए मामले को थोड़ा और विस्तार से जानते हैं-
किंग की शूटिंग पर आया अपडेट
साल 2023 में फिल्म डंकी प्रदर्शित होने के बाद से हिंदी सिनेमा के बादशाह अभिनेता शाह रुख खान बड़े पर्दे से दूर हैं। हालांकि, उनकी योजना अपनी आगामी फिल्म किंग से दमदार वापसी करने की है। इसमें फिल्म के जरिए शाह रुख दूसरी बार पठान के फिल्म फिल्मकार सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में काम कर रहे हैं।
फिल्म में शाह रुख की बेटी और अभिनेत्री सुहाना खान भी पहली बार उनके साथ बड़े पर्दे पर दिखेंगी। अब यह फिल्म शूटिंग के अंतिम चरणों में है। इसकी शूटिंग पिछले साल मई में शुरू हुई थी। सिनेमाई गलियारों की रिपोर्ट्स के अनुसार, फिलहाल शाह रुख फिल्म के अंतिम शेड्यूल की शूटिंग कर रहे हैं।
इस शेड्यूल में फिल्म को कुछ पैच वर्क और एक गाने की शूटिंग की जाएगी। यह गाना फिल्म की कहानी के लिए अहम होगा। इस शेड्यूल की शूटिंग के बाद फिल्म की टीम पूरी तरह से पोस्ट प्रोडक्शन में जुट जाएगी।

