Telangana school principal murder: तेलंगाना में एक स्कूल प्रिंसिपल की हत्या कथित तौर पर उनके ही दो छात्रों ने की. पुलिस ने बताया कि छात्रों ने प्रिंसिपल के घर से पैसा चुराने के लिए वारदात को अंजाम दिया.
तेलंगाना में एक स्कूल प्रिंसिपल की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. जांच के लिए पुलिस ने पांच टीमें बनाईं. आरोपियों की तलाश के लिए 70 से ज्यादा सीसीटीवी खंगाले. कई लोगों से पूछताछ की. मगर जब पुलिस को पता लगा कि आखिरी बार मृतक रूपा रेड्डी ने ‘बाबू’ शब्द का इस्तेमाल किया था, तब उनके शक की सुई छात्रों पर भी केंद्रित हो गई. मृतक अक्सर छात्रों को ‘बाबू’ कहकर बुलाती थीं.
पुलिस ने जांच शुरू की. उन्हें दो छात्र बेहिसाब पैसा खर्च करते हुए मिले. उनके पास से बरामद किए गए नोट पर खून के धब्बे भी थे. खून की जांच कराई तो यह रूपा रेड्डी का निकला. जिसके बाद पुलिस ने छात्रों को हिरासत में ले लिया.
आखिरी समय ने मृतक ने रिश्तेदार से की बात
इंडिया टुडे से जुड़े अब्दुल बशीर की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना नलगोंडा जिले के कोंडामाल्लेपल्ली में हुई. 50 वर्षीय रूपा रेड्डी नागार्जुन स्कूल की प्रिंसिपल थीं. 11 अगस्त को उनका मर्डर हुआ था. घटना के बाद 4 दिन तक स्कूल को बंद रखा गया.
पुलिस ने कातिलों को पकड़ने के लिए तलाश शुरू की. कई लोगों से बात की. इस दौरान पता लगा कि मृतक आखिरी समय में फोन पर अपनी एक रिश्तेदार से बात कर रही थीं. उन्होंने लास्ट टाइम फोन रखने से पहले किसी को ‘बाबू’ कहा था.

